तरावड़ी स्थित रास बसेरा फ्लैट के बाहर चाकू से किया था जानलेवा हमला, सीआईए-1 इंचार्ज निरीक्षक संदीप सिंह के नेतृत्व में टीम ने की कार्रवाई

करनाल, दिनांक 20 अक्टूबर 2026।

करनाल पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में सीआईए-1 की टीम ने जानलेवा हमले के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमन उर्फ काला निवासी गांव बड़ागांव, जिला करनाल के रूप में हुई है। यह कार्रवाई सीआईए-1 इंचार्ज निरीक्षक संदीप सिंह के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।

इस संबंध में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सीआईए-1 इंचार्ज निरीक्षक संदीप सिंह ने बताया कि थाना तरावड़ी क्षेत्र के गांव बड़ागांव निवासी बलदेव उर्फ गौरव दिनांक 18 अक्टूबर 2026 की रात तरावड़ी स्थित रास बसेरा के फ्लैट में गया था। वहां किसी बात को लेकर बलदेव उर्फ गौरव और आरोपी रमन उर्फ काला के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी विवाद के चलते रमन उर्फ काला ने बलदेव उर्फ गौरव की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।

उन्होंने बताया कि चाकू से जानलेवा हमला करने के संबंध में दिनांक 19 अक्टूबर 2026 को थाना तरावड़ी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए-1 की टीम ने जांच एवं कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रमन उर्फ काला को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि वारदात के कारणों तथा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके। साथ ही, मामले में अन्य व्यक्तियों की संभावित भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले में नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

करनाल पुलिस की अपील: करनाल पुलिस आमजन से अपील करती है कि आपसी विवादों का समाधान शांतिपूर्ण तरीके से और कानून के दायरे में रहकर करें। किसी भी विवाद में हिंसा का सहारा न लें। कानून व्यवस्था भंग करने तथा गंभीर अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस द्वारा नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।