गंभीरता से लें ट्रेनिंग, पूछे जाने वाले सवालों का अच्छे से करें अध्ययन-हेमा शर्मा
करनाल, 16 अक्तूबर। भारत की जनगणना- 2027 के दूसरे चरण के लिए जिला/चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण आज दूसरे दिन भी यहां जाट भवन के कांफ्रेंस हॉल में जारी रहा। इस मौके पर करनाल मंडल की आयुक्त हेमा शर्मा ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अधिकारियों से कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है।जनगणना लोकतंत्र के लिए आधार प्रदान करती है। इस दौरान प्राप्त किए गए आंकड़े राष्ट्र की योजना और विकास के लिए डेटा की आवश्यकताओं को पूरा करते हैं
उन्होंने जिला/चार्ज अधिकारियों से कहा कि वे ट्रेनिंग के दौरान दी गई जानकारी को गंभीरता से प्राप्त करें। यह जानकारी सुपरवाइजरों को दी जाने वाली ट्रेनिंग में भी सहायक होगी। उन्होंने अधिकारियों से ट्रेनिंग में पहले दिन प्राप्त जानकारी संबंधी सवाल भी पूछे। मंडल आयुक्त ने बताया कि 10 से 24 जनवरी तक स्व-गणना की जाएगी। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि उनके अधीनस्थ सभी कर्मचारी स्व-गणना वेब-पोर्टल के माध्यम से करें। स्व-गणना से प्रगणकों को फायदा होगा। इससे उनका समय बचेगा। स्वगणना में भरे आंकड़ों की पुष्टि में नाममात्र का समय लगेगा। उन्होंने बताया प्रगणक 25 से 28 फरवरी तक घर-घर जाकर जानकारी हासिल करेंगे।
उन्होंने बताया कि जनगणना के दौरान 40 प्रश्न पूछे जाने हैं। प्रशिक्षण सत्र के दौरान इन प्रश्नों का अच्छे से अध्ययन करें। इसके अलावा अनुदेश पुस्तिका में दिए गए प्रश्न-दर-प्रश्न निर्देशों को सावधानीपूर्वक पढ़ें एवं समझें। कार्य को सुचारू ढंग से निपटाने के लिए एआई/सूचना प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल किया जा सकता है। औद्योगिक प्रतिष्ठानों में रहने वाले श्रमिकों की गणना संबंधी एक सवाल पर उन्होंने कहा कि इस बारे में पहले फैक्टरी मालिक से संपर्क करें ताकि व श्रमिकों को गणना संबंधी जानकारी देने से लिए प्रेरित कर सके। उन्होंने कहा कि यदि दूसरे राज्य का कोई श्रमिक अकेला अथवा अन्य सदस्य के साथ यहां रहता है तो उसे भी गणना में शामिल किया जाना जरूरी है।
इस मौके पर जिला समन्वय अधिकारी अनीत यादव, मंडल इंचार्ज कविता पांचाल, उप मंडल इंचार्ज रामदास्ते, तहसीलदार कृष्ण कुमार, नगर निगम और नगरपालिकाओं के सचिव आदि मौजूद रहे।
