मतदाता सूची का  6 नवम्बर 2026 को होगा अंतिम प्रकाशन

करनाल, 15 अक्तूबर।   डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि जिला में विशेष गहन पुनरीक्षण  कार्यक्रम के तहत नोटिस डिलीवर हो चुके हैं और संबंधित ईआरओ द्वारा मामलों का समयबद्ध निस्तारण किया जा रहा है तथा निर्धारित समय अवधि में कार्य को पूरा कर लिया जाएगा।

डॉ. आनंद कुमार शर्मा वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में एसआईआर को लेकर सभी ईआरओ की बैठक में बोल रहे थे। इससे पूर्व हरियाणा के मुख्य चुनाव आयुक्त ए. श्रीनिवास ने मंडल आयुक्तों, जिला उपायुक्तों व ईआरओ के साथ वीसी के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित सुनवाई मामलों के शीघ्र निस्तारण, प्रभावी मॉनिटरिंग व निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं।

डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि जिला में मतदाता सूची से सम्बन्धित कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा राजनीतिक दलों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से फार्म 6, फार्म 7, फॉर्म 8 के अन्तर्गत प्राप्त दावे व आपत्तियों की सूचियां संबंधित राजनैतिक दलों के साथ साझा की गई हैं। निस्तारण कार्य 28 अक्टूबर 2026 तक हर संभव पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण प्रक्रिया का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल हो और कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने पात्र मतदाताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करवाएं। उन्होंने बताया कि सभी आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद 6 नवम्बर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
 बैठक में उपजिला निर्वाचन अधिकारी एवं नगराधीश सुरेश कुमार, एसडीएम करनाल देवेंद्र शर्मा, एसडीएम घरौंडा अनुभव मेहता, एसडीएम असंध सुमित सिहाग, एसडीएम नीलोखेड़ी अशोक कुमार, एसडीएम इंद्री रमन गुप्ता, चुनाव तहसीलदार, चुनाव कानूनगो मौजूद रहे।