मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीसी के माध्यम से जिला उपायुक्तों के साथ की बैठक, धान खरीद व उठान में तेजी लाने के दिए निर्देश
 करनाल, 15 अक्तूबर।
डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि खरीफ सीजन 2026-27 के मद्देनजर धान की खरीद और उठान के कार्य में तेजी लाई जाए। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि किसानों को मंडियों में एमएसपी पर फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

 डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में खरीफ सीजन के दौरान धान खरीद एवं उठान कार्य की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। इससे पहले, चंडीगढ़ से हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला उपायुक्तों के साथ बैठक की और धान खरीद व उठान के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने मुख्य सचिव को अवगत कराया कि जिला करनाल की मंडियों में अब तक 3.20 लाख मीट्रिक टन धान की आवक हो चुकी है। इसमें से 2.18 लाख मीट्रिक टन धान की नीलामी तथा 1.91 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। इनमें से 92500 मीट्रिक टन धान का उठान किया जा चुका है।

 डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान उठान कार्य में तेजी लाने के लिए सरकार की नीति के अनुसार 80 प्रतिशत सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) की डिलीवरी कर चुके मिलर्स का पंजीकरण एवं जियो फेंसिंग वेरिफिकेशन प्रक्रिया दो दिन में सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही, उठान कार्य में लगी एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर धान का उठान जल्द से जल्द करवाया जाए, ताकि मंडियों में धान का अनावश्यक जमाव न हो और किसानों को अपनी फसल लेकर आने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

 उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि ट्रांसपोर्टरों द्वारा निर्धारित संख्या में वाहन उपलब्ध नहीं करवाए जाते, तो सरकार की नीति के अनुसार अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यों की नियमित निगरानी करें और आपसी तालमेल के साथ खरीद एवं उठान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करें, ताकि किसानों को समय पर भुगतान मिल सके और मंडियों में व्यवस्था बनी रहे।

 इस अवसर पर एडीसी डॉ. राहुल रईया, एसीयूटी सोहम शैलेंद्र, एसडीएम करनाल देवेंद्र शर्मा, एसडीएम घरौंडा अनुभव मेहता, एसडीएम असंध सुमित सिहाग, एसडीएम नीलोखेड़ी अशोक कुमार, एसडीएम इंद्री रमन गुप्ता, हैफेड डीएम, वेयरहाउस डीएम मौजूद रहे।