हर नागरिक में हो राष्ट्रभक्ति का कर्त्तव्यबोध-हरविन्द्र कल्याण

 एनसीसी अकादमी के लिए 84 करोड़ मंजूर

करनाल, 16 अक्तूबर। जिला के गांव अराईपुरा के शिव मंदिर में आज सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवानिवृत सैनिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने करीब दो दर्जन पूर्व सैनिकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

इस मौके पर श्री कल्याण ने बताया कि अराईपुरा की एनसीसी अकादमी के लिए सरकार की ओर से 84 करोड़ रुपये मंजूर हो चुके हैं। यह राशि तीन किस्तों में प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि सालों पहले यहां की जो जमीन किसी संस्था को दी गई थी अब वह पंचायत को पखवाड़े भीतर वापस मिल जाएगी। सरकार से इसकी मंजूरी मिल चुकी है। जमीन मिलने पर यहां दो करोड़ की लागत से बडे़ सामुदायिक केंद्र का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने पंचायत से कहा कि वापस मिलने पर जमीन का कुछ हिस्सा स्टेडियम के लिए रखना। उन्होंने यह भी बताया कि ज्ञानपुरा काॅलेज के विकास के लिए 96 लाख की राशि मंजूर कराई गई है।

श्री कल्याण ने पूर्व सैनिक व ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि जब इलाके में पूर्व सैनिकों की बात आती है तो अराईपुरा का नाम सबसे पहले आता है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद सभी पूर्व सैनिकों का स्वागत व अभिनंदन करते हुए कहा कि सैनिक देश की सुरक्षा करते हैं। युवा पीढ़ी में भी देश के प्रति यही भाव होना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार देश को आगे बढ़ा रहे हैं। देश की एकता व अखंडता को बनाए रखने के लिए ईमानदारी से कर्त्तव्य निवर्हन की जिम्मेदारी हरेक की है। राष्ट्रभक्ति से भरा कर्त्तव्यबोध हर नागरिक में होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि देश की नींव प्राचीन संस्कृति है। संस्कृति जितनी मजबूत होगी देश उतना ही तरक्की करेगा। सीमाओं को सुरक्षित रखने वाले सैनिक हमारी सुरक्षा करते हैं। देश के सुरक्षा के लिए यदि सैनिक प्राण न्यौछावर कर सकते हैं तो यह नियमों का पालन करने की जिम्मेदारी हमारी भी है। देश के कानून को मानते हुए खुद को अच्छा नागरिक साबित करें तभी सैनिकों का बलिदान फलीभूत होगा। हर व्यक्ति अधिकारों से पहले कर्त्तव्य के बारे में सोचे। ऐसा करने से कोई शक्ति 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने से नहीं रोक सकती।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कुछ ताकतें देश के खिलाफ साजिश रचती हैं, अराजकता फैलाने की कोशिश की जाती हैं, बाहर से फंडिंग होती है, युवाओं को बरगलाया जाता है, ऐसी ताकतों के मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे। उन्होंने यह संकल्प लेने का आह्वान किया किया कि जिस सोच के साथ महापुरूषों ने जीवन जीया, जिस भाव के साथ स्वतंत्रता सेनानियों ने आजादी की लड़ाई लड़ी और जिस राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ सैनिकों ने समय-समय पर लड़ाईयां लड़ी, वही राष्ट्रभक्ति युवा पीढ़ी में होनी चाहिए।

 उन्होंने बच्चों को नशे से दूर रखे और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए अधिकाधिक पौधारोपण करने की अपील की। साथ ही बताया कि आज प्रदेश में बिना पर्ची-बिना खर्ची मेरिट पर नौकरी मिल रही है। इसका श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल को जाता है जिन्होंने व्यवस्था में बदलाव किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी लगातार जनहित के कार्याें काे आगे बढ़ा रहे हैं।

इन्हें किया सम्मानित- श्री कल्याण ने इस मौके पर पूर्व सैनिक जसबीर सिंह, लक्षमण सिंह, तेजेंद्र सिंह, मुकेश, अमिम कथूरिया, रामधारी सिंह, यशपाल सिंह, जोगेंद्र सिंह, सुभाष, कर्ण सिंह, ननोज राणा, संदीप राणा, राजेंद्र सिंह, राजकुमार सिंह, निरंजन सिंह, कंवरभान, सुरेंद्र सिंह, बलबीर सिंह, श्याम सिंह गगसीना आदि को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

 इससे पहले पूर्व चेयरपर्सन निर्मल बैरागी, सरपंच दीपक ठाकुर, सूबेदार बलबीर सिंह, जगदीश राणा ने भी विचार रखे। इस अवसर पर एसडीएम अनुभव मेहता, मार्केट कमेटी घरौंडा के चेयरमैन राजकुमार पालीवाल, जिला सैनिक बोर्ड से मुकेश व अनिल कथूरिया आदि मौजूद थे।