असली पूंजी बच्चे, उन्हें नशे से बचाएं, अच्छी शिक्षा दिलाएं-कल्याण

करनाल, 16 अक्तूबर। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने मातृ शक्ति से कहा कि हमारी असली पूंजी बच्चे हैं। उन्हें नशे से बचाएं, अच्छे संस्कार दें, उनकी पढ़ाई पर गौर करें। साथ ही महिलाएं खुद के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें। किसी भी प्रकार की दिक्कत होने पर डा़क्टरों के पास जाकर इलाज कराएं। सरकार ने गरीबों को आयुष्मान कार्ड के रूप में एक सहारा दिया है ताकि वे समय पर इलाज करा सकें। उन्होंने यह भी अपील की कि 9 से 14 साल की बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन जरूर लगवाएं।

श्री कल्याण आज घरौंडा हलका के गांव प्रेमनगर में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। इस मौके पर उनका सरपंच व स्टाफ सदस्यों की ओर से पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया गया।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन के कारण आज योजनाओं का पैसा पात्र लोगों के बैंक खातों में पहुंच रहा है। इस गांव में 105 मकानों के लिए दूसरी किस्त आ चुकी है। एक दशक पहले यमुना बेल्ट के अधिकांश गांवों की हालत खस्ता थी। पर आज इनमें पक्की गलियां, रास्ते, कम्युनिटी सेंटर, चौपाल आदि बनवाए गए हैं। कहीं काम बाकी है तो उसे आगामी दो साल में पूरा करा देंगे। विकास कार्यों के लिए चुनाव के बाद इस गांव के लिए भी 75 लाख रुपये मंजूर कराए हैं। उन्होंने कहा कि गांव के सरकारी स्कूल में जमीन की कमी के कारण नए कमरे नहीं बन पा रहे हैं। जमीन उपलब्ध कराए जाने के बाद स्कूल का नया भवन बनवाने का वादा किया। पंचायत यदि लाईब्रेरी के लिए प्रस्ताव भेजती है तो उसे भी दो महीने भीतर मंजूर करा दिया जाएगा।

श्री कल्याण ने इस मौके पर मेडिकल यूनिवर्सिटी, रिंग रोड, एनसीसी अकादमी जैसे बड़े प्रोजेक्टस तथा हलके में पिछले दस-बारह सालों में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को स्वरोजगार के लिए ट्रेनिंक के साथ-साथ ऋण की सुविधा भी उपलब्ध करा रही है।

कार्यक्रम के दौरान निशुल्क आयुष चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। महिलाओं के एचबी, बीपी, शुगर आदि की जांच कर दवाईयां भी दी गईँ। इससे पहले एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के सेवाकाल से प्रेरणा लेते हुए केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। सरकार देश की आधी आबादी यानि महिलाओं के स्वास्थ्य की भी चिंता की है।

 इस मौके पर बरसत के प्रिंसिपल प्रगट सिंह, सरपंच बंता सिंह ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में डा़ विनोद, डा़ तानिया, डा़ नेहा, डा़ शीतल, डा़ आरती, डा़ दीक्षा, पूर्व चेयरपर्सन निर्मल बैरागी आदि मौजूद रहे।