ढोल चौक से आरोपी को किया काबू, पहले आरोपी को चोरीशुदा मोटरसाइकिल सहित किया जा चुका है गिरफ्तार

जिला पुलिस करनाल द्वारा पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में चोरी की वारदातों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ लगातार जारी है। इसी कड़ी में सीआईए असंध की टीम ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

सीआईए असंध के इंचार्ज उप निरीक्षक सलिंद्र कुमार के नेतृत्व में मुख्य सिपाही रमेश कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी साहिल पुत्र नरेश निवासी रहड़ा, करनाल को ढोल चौक से काबू किया।

मामले के संबंध में अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि उक्त मामले में पुलिस द्वारा पहले आरोपी अजय कुमार पुत्र महेंद्र को चोरीशुदा मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया गया था। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी अजय कुमार ने खुलासा किया था कि दिनांक 26 जून 2026 को न्यायालय परिसर असंध से मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था, जिसमें आरोपी साहिल भी शामिल था।

आज पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार आरोपी साहिल को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया।