विजयादशमी बुराई पर अच्छाई की जीत का देती है संदेश: हरविंद्र कल्याण

रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का किया गया दहन, श्रीराम दशहरा कमेटी 94 वर्षों से कर रही है पर्व का आयोजन

घरौंडा/करनाल

श्रीराम दशहरा कमेटी की ओर से घरौंडा में दशहरा पर्व धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जीटी रोड स्थित सरकारी स्कूल के खेल मैदान में रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया। इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने उपस्थित लोगों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देता है। यह पर्व हमें अपने जीवन में सदाचार अपनाने और बुराइयों का त्याग करने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे अपने भीतर की बुराइयों को समाप्त कर अच्छाई के मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि दशहरा हमें सत्य, धर्म और सदाचार के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है।

94 वर्षों से दशहरा पर्व मना रही है कमेटी

श्रीराम दशहरा कमेटी के प्रधान मनीष गुप्ता ने बताया कि कमेटी पिछले 94 वर्षों से घरौंडा में दशहरा पर्व का आयोजन करती आ रही है। इस वर्ष रावण का पुतला 45 फुट, मेघनाद का 40 फुट और कुंभकर्ण का 35 फुट ऊंचा बनाया गया था। हर साल इस पर्व को देखने के लिए आने वाले दर्शकों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है।

कार्यक्रम के दौरान रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया। इस आयोजन में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और दशहरा पर्व की खुशियां मनाईं।

इस अवसर पर कमेटी के उपप्रधान संजीव शंटी, सचिव संजीव राणा, कोषाध्यक्ष अमित कुच्छल सहित कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।